बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार शाम एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पीपरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव के पास लखन नदी किनारे एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मामले में कथित प्रेम-प्रसंग समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।

मेला देखकर लौटते समय हुआ विवाद
मृतका की पहचान भेरखिया गांव निवासी रोहित कुमार पासवान की पत्नी पिंकी कुमारी (25) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पिंकी पिछले करीब तीन महीने से तुरकौलिया थाना क्षेत्र के कवलपुर गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार को रोहित उसे सीताकुंड मेला दिखाने के बहाने बाइक से अपने साथ लेकर आया था। मेला देखकर लौटने के दौरान टिकुलिया गांव के पास लखन नदी किनारे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान रोहित ने पिंकी के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर चाकू से पिंकी का गला रेत दिया। घटना में पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई।
खून से सना चाकू दिखाकर फरार होने का आरोप
घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ ग्रामीण बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद मेला देखकर लौट रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी की बाइक की चाबी छीनकर उसे रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि इस दौरान रोहित ने खून से सना चाकू दिखाकर लोगों को डराया और फिर बाइक लेकर फरार हो गया। बाद में खेत में जाकर देखने पर पिंकी मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
साली से कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर चल रहा था विवाद
पिंकी के पिता देवलाल पासवान के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले उनकी बेटी की शादी रोहित कुमार पासवान से हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रोहित का अपनी पत्नी की रिश्ते की चचेरी बहन के साथ कथित प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
परिजनों का दावा है कि पिंकी इसका विरोध करती थी। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था। करीब एक वर्ष पहले इस मामले में पंचायत भी हुई थी।
बेंगलुरु में मजदूरी करता था आरोपी, तीन बच्चों की मां थी पिंकी
जानकारी के मुताबिक, रोहित बेंगलुरु में मजदूरी करता था और अक्सर अपने ससुराल में रहता था। पारिवारिक विवाद के कारण पिंकी पिछले तीन महीने से मायके में रह रही थी।
पिंकी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें तीन वर्षीय बेटा प्रत्यूष और करीब एक वर्ष पहले जन्मे जुड़वां बच्चे—एक बेटा और एक बेटी—शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
FSL और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य
पीपरा थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मौके से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले चाकू का कवर बरामद किया गया है।
पुलिस वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच कर रही है। आरोपी रोहित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।


