Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित बरही चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान बरकट्ठा के खैरा-करमा निवासी उर्मिला देवी (पति दिनेश सिंह) के रूप में हुई है। वह अपने चार बच्चों के साथ बिहार के बाराचट्टी (केवलिया मोड़) स्थित अपने मायके जा रही थीं। बरही चौक पर सड़क पार करने के दौरान हजारीबाग रोड की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

तीन बच्चे बाल-बाल बचे, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के दौरान मृतका के साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे किस्मत से पूरी तरह सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

व्यस्त बरही चौक की यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दुखद घटना के बाद एक बार फिर बरही चौक पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और लचर यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने व्यस्ततम चौक पर सड़क पार करने वाले राहगीरों की सुरक्षा और सख्त यातायात नियंत्रण की मांग की है।


