
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में मेला देखकर घर लौट रही एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि बदमाशों ने रास्ते में दंपति को रोककर पहले उनके साथ मारपीट की और फिर महिला को सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घर लौट रहे दंपति को रास्ते में रोका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ मेला देखकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने दंपति को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और इसके बाद महिला को सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

चार घंटे के भीतर आठ आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर मामले में शामिल बताए जा रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपी शिवहर जिले के जिम्मी सिंह टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।
यह घटना मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर होगी।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


