Rahul Gandhi foreign trips : भारतीय जनता पार्टी के गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने दुमका परिसदन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सांसद ने राहुल गांधी के लगातार होने वाले विदेश दौरों की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि देश की जनता को यह जानने का पूरा हक है कि आखिर दिल्ली के माहौल को गरमाकर वे विदेश में किन ताकतों से मिलने जाते हैं। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी की अब तक की 270 विदेश यात्राओं का भारी भरकम खर्च आखिर किसने उठाया है और इसका असली प्रायोजक कौन है।

नेवेली राय सिंघम सिंडिकेट से साठगांठ का लगाया आरोप
निशिकांत दुबे ने विदेशी फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से सीधे सवाल किए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेवेली राय सिंघम का एक पूरा सिंडिकेट सक्रिय है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑनलाइन गैंबलिंग और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए काम करता है। सांसद ने पूछा कि इस पूरे सिंडिकेट के साथ राहुल गांधी का क्या तालमेल है और इसके जरिए विपक्ष के किन किन नेताओं को फंडिंग पहुंचाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के भीतर अलग अलग मुद्दों पर भड़कने वाले आंदोलनों को हवा देने के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ और उनकी फंडिंग काम कर रही है।

कार्रवाई के बदले जनता की अदालत में जाने का फैसला
प्रेसवार्ता में जब पत्रकारों ने पूछा कि केंद्र सरकार इन तमाम आरोपों के बावजूद राहुल गांधी के खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है, तो सांसद ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सीधे चुनाव मैदान में जनता की अदालत के सामने जाना चाहती है। लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है और वही आने वाले चुनावों में कांग्रेस और उनके नेताओं को सबक सिखाएगी और उनके चेहरे पर कालिख पोतेगी।
देश को अस्थिर करने में जुटी है कांग्रेस
गोड्डा सांसद ने बातचीत के अंत में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय निष्ठा पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विदेशी इशारों पर देश की आंतरिक व्यवस्था को अस्त व्यस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। निशिकांत दुबे ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी को देश के विकास और स्थिरता से कोई सरोकार नहीं रह गया है और विपक्षी दल सिर्फ देश के ताने बाने को नुकसान पहुंचाने की राजनीति में जुटा हुआ है।


