
Deoghar News: देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगा मोड़ के समीप देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के गोडियारी गांव निवासी 27 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है। सोमवार की देर रात एक युवक बुलेट बाइक पर घायल रोशन को लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचा। उसने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को यह कहकर गुमराह करने का प्रयास किया कि रोशन सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आंख और सिर पर मिले गोली के निशान, हरकत में आई पुलिस
अस्पताल में जब भीड़ जुटने लगी तो ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने घायल के जख्मों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। जांच के दौरान डॉक्टर ने पाया कि चोटें एक्सीडेंट की नहीं, बल्कि बंदूक की गोली की हैं। मृतक रोशन की आंख के पास और सिर के पीछे गोली लगने के गंभीर घाव पाए गए। हत्या का खुलासा होते ही डॉक्टर ने तत्काल बैद्यनाथधाम ओपी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद नगर थाना पुलिस भी तुरंत एक्शन में आई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, बुलेट सवार युवक की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमों ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि रोशन कुमार को किन परिस्थितियों में और किसने गोली मारी। पुलिस अस्पताल छोड़कर भागने वाले बुलेट सवार युवक की शिनाख्त करने, बाइक का पता लगाने और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों का पर्दाफाश किया जा सके।


