गुमला: गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकुरा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमर सुरिन, एतवा कोंगाड़ी उर्फ एतवा मास्टर और अपित टोपनो उर्फ बेंदा शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI के सदस्य कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगादा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद बसिया एसडीपीओ शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, एक देशी बंदूक, एक देशी कट्टा, सात कारतूस, एक खोखा, PLFI के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।


