Giridih: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना के सामने नवअल्ट्रासाउंड के समीप रविवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। बिरनी से गिरिडीह की ओर आ रहे बाइक सवार दो युवकों को एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक और घायल तुलाडीह गांव के निवासी
हादसे का शिकार हुए दोनों युवक बिरनी थाना क्षेत्र के तुलाडीह गांव के रहने वाले थे और आपस में हमउम्र थे। दुर्घटना में सुनील कुमार ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी गौरव कुमार शर्मा की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है।

अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना का कारण बने अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने व जांच में जुट गई है।


