Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पंडरासाली थाना क्षेत्र स्थित तुंगी गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव की 40 वर्षीय महिला गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से अचानक लापता थी और गांव में किसी को नजर नहीं आ रही थी। लगातार अनुपस्थिति से पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने महिला की शादीशुदा बेटियों को मामले की सूचना दी। मां की तलाश में जब बेटियां मायके पहुंचीं, तो घर के भीतर दीवारों पर कई जगह खून के छींटे और धब्बे देखकर उनके होश उड़ गए।

पिता से नहीं मिला जवाब तो ग्रामीणों ने बुलाई पुलिस
दीवारों पर खून देखकर जब बेटियों ने अपने पिता राम हांसदा से मां के बारे में कड़ाई से पूछा, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और टालमटोल करने लगा। पिता की संदिग्ध हरकतों को देखकर बेटियों ने तुरंत ग्रामीणों और गांव के मुंडा को पूरे हालात से अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर पंडरासाली थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची।

कमरे की खुदाई में निकला सड़ा-गला शव
घर के भीतर तलाशी के दौरान पुलिस को एक कमरे की जमीन पर ताजा मिट्टी देखकर गहरा शक हुआ। पुलिस टीम ने जब ग्रामीणों की मौजूदगी में कमरे के फर्श की खुदाई कराई, तो जमीन के नीचे से गुरुवारी हांसदा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। कमरे के भीतर ही शव दफन मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है।
आरोपी पति हिरासत में, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने मौके से ही आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। घरेलू कलह या किसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पंडरासाली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और पूरी साजिश सामने आ सके।


