Central University of Jharkhand: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में ग्रेजुएशन करने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर एडमिशन लेने का एक और मौका दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय में अलग-अलग कोर्स की कुल 68 सीटें खाली हैं, जिन पर प्रवेश के लिए 27 अक्टूबर को दस्तावेजों की जांच और काउंसलिंग होगी। खास बात यह है कि जिन छात्रों ने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था, वे भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर उसी दिन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रकोष्ठ के अनुसार, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष राउंड आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थियों को मॉप-अप राउंड के जरिए एडमिशन का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया केवल खाली सीटों के लिए होगी और प्रवेश विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों तथा संबंधित कोर्स की पात्रता के आधार पर दिया जाएगा।

हिंदी में सबसे ज्यादा 15 सीटें खाली, मास कम्युनिकेशन में भी मौका
विश्वविद्यालय की ओर से 15 अक्टूबर तक जारी आंकड़ों के अनुसार, चार वर्षीय बीए हिंदी में सबसे ज्यादा 15 सीटें खाली हैं। इसके बाद बीए मास कम्युनिकेशन में 12 और बीएससी भूगोल में 9 सीटों पर एडमिशन का मौका मिलेगा। बीए एंथ्रोपोलॉजी में 5 सीटें उपलब्ध हैं।
वहीं, बीएससी पर्यावरण विज्ञान, भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान में 3-3 सीटें खाली हैं। बीए अर्थशास्त्र और बीए कोरियन में भी 3-3 सीटों पर प्रवेश लिया जा सकेगा। इसके अलावा बीए अंग्रेजी, बीए चाइनीज और बीकॉम में 2-2 सीटें उपलब्ध हैं। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए एक सीट खाली है।
खाली सीटों का ब्योरा श्रेणी के अनुसार भी जारी किया गया है। बीए हिंदी की 15 सीटों में SC के लिए 4, ST के लिए 1, OBC के लिए 5, EWS के लिए 3 और अनारक्षित श्रेणी के लिए 2 सीटें हैं।
बीए मास कम्युनिकेशन में SC की 6, ST की 1, EWS की 3 और अनारक्षित श्रेणी की 2 सीटें खाली हैं। इसी तरह बीएससी भूगोल में SC की 2, OBC की 3, EWS की 3 और अनारक्षित श्रेणी की 1 सीट पर प्रवेश का मौका मिलेगा।
27 अक्टूबर को स्पॉट रजिस्ट्रेशन, ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
जिन छात्रों ने पहले आवेदन या रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था, उन्हें भी 27 अक्टूबर को विश्वविद्यालय पहुंचकर स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा दी जाएगी। हालांकि, इसके लिए संबंधित कोर्स की पात्रता पूरी करना जरूरी होगा।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को अपने सभी जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, पहचान पत्र और इनकी फोटोकॉपी साथ लाने की सलाह दी है। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को संबंधित वैध जाति या श्रेणी प्रमाणपत्र भी लेकर पहुंचना होगा, ताकि दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने वाले छात्रों को भी उसी दिन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेजों की जांच करानी होगी। विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि केवल रजिस्ट्रेशन कराने से एडमिशन पक्का नहीं होगा। प्रवेश संबंधित कोर्स में खाली सीटों, पात्रता और विश्वविद्यालय के नियमों के आधार पर ही दिया जाएगा।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे 27 अक्टूबर को विश्वविद्यालय जाने से पहले काउंसलिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी और नए निर्देश आधिकारिक वेबसाइट www.cuj.ac.in पर जरूर देख लें।


