Ranchi news: राजधानी में लगातार आपराधिक वारदातों में शामिल रहने वाले पांच आदतन अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। पुलिस महकमे ने ऐसे पांच शातिर बदमाशों की नई सूची बनाई है, जिनके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में 16 से लेकर 25 तक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और नशीले पदार्थों की तस्करी (NDPS Act.) जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि ये सभी पांचों आरोपी फिलहाल जेल से बाहर हैं, जिसे देखते हुए पुलिस इनकी पल-पल की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।

राजीव और देवा पर 25-25 केस
पुलिस की ओर से जारी रिकॉर्ड के अनुसार, पंडरा ओपी क्षेत्र के रवि स्टील झिरी का रहने वाला 44 वर्षीय राजीव कुमार मिश्रा उर्फ बिट्टू मिश्रा और लोअर बाजार स्थित कलाल टोली का 30 वर्षीय मो. साकिब उर्फ देवा उर्फ मो. साकिब आलम अपराध की दुनिया के पुराने नाम हैं। इन दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में 25-25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वे शहर में कई बड़े मामलों में नामजद रह चुके हैं।

बाकी तीन पर भी दर्जनों मामले
सूची में शामिल तीसरे आरोपी हिंदपीढ़ी के मालीटोला चौक निवासी 25 वर्षीय गुड्डू उर्फ मंगरा उर्फ शेख गुड्डू के खिलाफ 18 केस दर्ज पाए गए हैं। वहीं, सदर थाना क्षेत्र के शांति विहार, तिरिल कोकर रोड नंबर-10 के रहने वाले 24 वर्षीय अंबर कुमार राम उर्फ तमन उर्फ तापन उर्फ चमन और तुपुदाना के सिलादोन निवासी 37 वर्षीय आफताब आलम उर्फ पप्पू के खिलाफ 16-16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कम उम्र में ही इन आरोपियों पर संगीन धाराओं में ताबड़तोड़ केस दर्ज हुए हैं।
हर गतिविधि पर पुलिस का पहरा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद ये आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम न दे सकें, इसके लिए इनकी लोकेशन और मिलने-जुलने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने इलाकों में इन शातिरों की हर हरकत पर नजर रखें और इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को नए सिरे से अपडेट करें, ताकि जरूरत पड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


