Dhanbad News: देश और समाज की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। उपस्थित अधिकारियों ने वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

SSP प्रभात कुमार समेत वरीय अधिकारियों ने शहीदों के योगदान को किया नमन


कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक SSP प्रभात कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देश की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों के अतुलनीय योगदान को याद किया गया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया गया।


