
गया: बिहार के गया जिले के मानपुर में दुर्गा पूजा के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दो बेटों को गोली मार दी। घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मोनू को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गया के जेठियन गांव के रहने वाले हैं दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई मूल रूप से गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फोन कर दोनों भाइयों को बुलाने की बात आई सामने
परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले में कुछ दूरी पर किसी के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया। परिजनों का आरोप है कि जब दोनों भाई वहां पहुंचे, तो बदमाशों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए। इस घटना में रानू सिंह की मौत हो गई, जबकि मोनू सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटनास्थल के आसपास जुआ और शराब का अड्डा संचालित होता है। आशंका जताई जा रही है कि जुए को लेकर हुए विवाद के कारण गोलीबारी हुई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल से खोखे बरामद, जांच में जुटी पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं। जांच के दौरान गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।


