Giridih : गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकबाद में देर रात आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब दर्शकों की बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बिहार के चर्चित गायक रोशन रोही के स्टेज शो के दौरान उपजे तनाव को शांत कराने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारीं, जिसके बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद माहौल तो शांत हो गया, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर चारों तरफ लोगों के जूते और चप्पल बिखरे नजर आए।

अश्लील गानों और ठुमकों से बिगड़ा माहौल


मिली जानकारी के अनुसार, मानिकबाद में देर रात भक्ति जागरण के नाम पर आर्केस्ट्रा का मंच सजाया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम की शुरुआत के कुछ ही देर बाद भक्ति भजनों को दरकिनार कर मंच से अश्लील और द्विअर्थी गानों की प्रस्तुति शुरू हो गई। गायक रोशन रोही के उत्तेजक गानों पर दर्शक दीर्घा में मौजूद युवक बेकाबू होकर डांस करने लगे। देखते ही देखते दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की और हुड़दंग शुरू हो गया, जिससे पूरे परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस का हल्का बल प्रयोग, मैदान में छूटे जूते-चप्पल

भीड़ को उग्र होते देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहले लोगों को समझा-बुझाकर पीछे हटने को कहा। इसके बावजूद जब हुड़दंगी शांत नहीं हुए और बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने लाठियां लहराकर भीड़ को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद भी स्थिति सामान्य न होने पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठी चलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के दौरान कुछ युवकों को मामूली चोटें आने की सूचना है।
समय पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्ती नहीं दिखाई होती, तो स्थिति बेहद गंभीर रूप ले सकती थी और कोई बड़ी अनहोनी घट सकती थी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद कार्यक्रम को तुरंत बंद करा दिया गया और पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। पुलिस अब कार्यक्रम के आयोजकों और अनुमति की शर्तों के उल्लंघन को लेकर भी पड़ताल कर रही है।


