Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी का सबसे बड़ा मुकाबला सोमवार से रांची के जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस मैच में मेजबान झारखंड का सामना मजबूत दिल्ली की टीम से होगा। सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में झारखंड की कोशिश अपने होम ग्राउंड और घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाने की होगी। वहीं स्टार खिलाड़ियों से सजी दिल्ली की टीम भी मेजबान को उसी के घर में कड़ी टक्कर देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

विराट बनाम बडोनी की जंग
इस मुकाबले में दोनों टीमों की कमान युवा और आक्रामक कप्तानों के हाथों में है। झारखंड की अगुआई जहां विराट सिंह कर रहे हैं, वहीं दिल्ली की कप्तानी आईपीएल स्टार आयुष बडोनी संभाल रहे हैं। झारखंड के खेमे में विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉबिन मिंज, स्टार ऑलराउंडर अनुकूल रॉय और कोनैन कुरैशी जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। दूसरी ओर, दिल्ली की ताकत भी कम नहीं है। दिल्ली के पास पूर्व अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान यश ढुल के अलावा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे घातक हथियार हैं, जो किसी भी बैटिंग लाइनअप को ध्वस्त करने का माद्दा रखते हैं। ऐसे में झारखंड को जीत हासिल करने के लिए बैटिंग और बॉलिंग दोनों डिपार्टमेंट में अपना बेस्ट देना होगा।

शिखर मोहन की जगह अनुभवी देवव्रत
दिल्ली के खिलाफ इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत से पहले झारखंड की टीम में दो बड़े और अहम बदलाव देखने को मिले हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे के लिए ‘इंडिया-ए’ टीम में चुने गए आक्रामक बल्लेबाज शिखर मोहन की जगह बोकारो के 33 वर्षीय अनुभवी बैटर कुमार देवव्रत को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। देवव्रत ने अपना पिछला फर्स्ट क्लास मैच जनवरी 2024 में खेला था और घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है। उन्होंने अब तक 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से कुल 2,666 रन कूटे हैं, जिसमें दो शानदार शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं।
शुभ शर्मा को भी मिला मौका
टीम में दूसरा बदलाव साहिल राज के रूप में हुआ है, जिनकी जगह रांची के लोकल टैलेंट शुभ शर्मा को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। होम कंडीशंस को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने बॉलिंग और मिडिल ऑर्डर को ज्यादा मजबूती देने की रणनीति अपनाई है।
घोषित झारखंड स्क्वॉड में कप्तान विराट सिंह के साथ आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीषी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनैन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह शामिल हैं। घरेलू फैंस को उम्मीद है कि टीम अपने होम ग्राउंड पर जीत का परचम लहराएगी।


