Dhanbad: धनबाद के चर्चित अभिजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सूरज यादव और प्रशांत राउत उर्फ सानू को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब उन्हें जेल ले जाया गया, तो वहां का नजारा चर्चा का विषय बन गया। एक आरोपी स्ट्रेचर पर लेटा हुआ था, जबकि दूसरा लंगड़ाते हुए पुलिसकर्मियों के सहारे आगे बढ़ रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में शामिल बाकी आरोपियों में भी हड़कंप मच गया है।

बर्थडे पार्टी के मामूली विवाद में गई थी जान


DSP (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय के अनुसार, यह पूरी वारदात 19 अक्टूबर की है। धनबाद के एक होटल में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी हुई थी, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि करीब 15 से 20 लोगों की भीड़ ने अभिजीत सिंह पर लाठी-डंडों और भारी पत्थरों से हमला बोल दिया था। इतने पर भी जब हमलावरों का मन नहीं भरा, तो जमीन पर बेसुध पड़े अभिजीत के ऊपर बाइक पटक दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के पिता राज प्रकाश की शिकायत पर पांच नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
भागने की कोशिश में टूटा आरोपी का पैर

वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब दोनों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद करने ले जा रही थी, तभी सूरज यादव ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान गिरकर उसका पैर टूट गया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पकड़े गए आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।
पिता ने जताई संतुष्टि, अन्य की तलाश में छापेमारी जारी

दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान मृतक अभिजीत के पिता राज प्रकाश भी जेल गेट पर मौजूद थे और उन्होंने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और बहुत जल्द इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।


