All India Police Archery Competition: झारखंड पुलिस के तत्वावधान में रांची के खेलगांव स्थित खेल परिसर में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड में रविवार को बड़ा रोमांच देखने को मिला। देश के विभिन्न पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों के शीर्ष तीरंदाजों ने रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के छह प्रमुख वर्गों में सटीक निशाने साधे। कड़े मुकाबलों के बाद रविवार को सभी वर्गों के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के नाम तय कर दिए गए।

रिकर्व स्पर्धा में राजस्थान और असम राइफल्स अव्वल


रिकर्व महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस की अमनदीप कौर ने अपने सटीक निशानों के दम पर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश पुलिस की सुमन चौधरी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि ITBP की सोनाली बसुमतारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं रिकर्व पुरुष वर्ग में असम राइफल्स के अकोइजाम अमरजीत ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीता। सीआईएसएफ के दिव्यांश चौधरी दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक विजेता बने, जबकि आईटीबीपी के नीरज को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
कंपाउंड वर्ग में रजत चौहान और समैना का दबदबा

कंपाउंड महिला वर्ग के कड़े मुकाबले में असम राइफल्स की समैना बसुमतारी ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने खाते में डाला। सीआईएसएफ की आकांक्षा ने रजत पदक जीता, वहीं बीएसएफ की मैनाव नारजरी ने सटीक निशाने लगाकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। कंपाउंड पुरुष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और राजस्थान पुलिस के जवान रजत चौहान ने अपने अनुभव का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। इस वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस के हर्ष बालियान ने रजत और सीआरपीएफ के भगवान दास ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
इंडियन राउंड में यूपी पुलिस और आईटीबीपी का परचम

इंडियन राउंड महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की नमिता वर्मा ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। एसएसबी की पुष्पा ने कड़े संघर्ष के बाद रजत पदक जीता, जबकि यूपी पुलिस की ही दीपिका पांडेय ने तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उधर इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में ITBP के गौरव संजय राव चांदने ने बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में BSF के सुनील कुमार को रजत और उत्तर प्रदेश पुलिस के सौरभ मौर्य को कांस्य पदक मिला। प्रतियोगिता के बाकी राउंड के मुकाबले आने वाले दिनों में जारी रहेंगे।


