Hazaribagh : हजारीबाग जिले से आम जनता के चेहरे पर खुशी लाने वाली एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन भरोसा’ को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता और हाई-टेक ट्रैकिंग की बदौलत कुल 22 गुम या चोरी हुए मोबाइलों को ढूंढकर उनके वास्तविक मालिकों तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया है।

अफसरों ने खुद सौंपे फोन

इस विशेष अभियान के तहत संबंधित एसडीपीओ (SDPO), डीएसपी (DySP), अंचल निरीक्षक (CI) और थाना प्रभारियों (OC) ने खुद आगे बढ़कर मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने हजारीबाग पुलिस की इस पहल और तत्परता की जमकर तारीफ की।
सीईआईआर (CEIR) पोर्टल ने निभाई अहम भूमिका
तकनीकी रूप से पुलिस को यह बड़ी कामयाबी भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मिली है। इस पोर्टल के जरिए गुमशुदा फोन को आसानी से ब्लॉक और ट्रेस किया जा सकता है। हजारीबाग पुलिस का यह कदम साबित करता है कि वे आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी परेशानियों को हल करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।


