राघोपुर: राघोपुर में रविवार को नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद दशकर्म में शामिल होने पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर के सामने ही भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में जदयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाक पर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

घटना उस समय हुई, जब प्रशांत किशोर हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जदयू नेता अजीत यादव ने नाव हादसे की जांच की मांग उठाई। उन्होंने प्रशांत किशोर से पूछा कि हादसे में इस्तेमाल की गई नाव सरकारी थी या निजी, इसकी जांच होनी चाहिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजीत यादव की इस मांग का पूर्व मुखिया और भाजपा नेता गगन राय ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और प्रशांत किशोर के सामने ही मारपीट शुरू हो गई।
आधा दर्जन लोगों पर हमला करने का आरोप
आरोप है कि पूर्व मुखिया की ओर से करीब आधा दर्जन लोगों ने अजीत यादव पर मुक्के और लात-घूंसे से हमला कर दिया। मारपीट में उनकी नाक फूट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल अजीत यादव को फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
नाव हादसे की जांच की मांग पर बढ़ा विवाद
घायल जदयू नेता अजीत यादव ने आरोप लगाया कि पूर्व मुखिया दबंग हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रशांत किशोर से नाव की जांच की मांग कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व मुखिया और उनके भतीजों ने उनके साथ मारपीट की।
अजीत यादव ने इसे पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया हमला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाव डूबने वाली जगह पर पूर्व मुखिया के ईंट-भट्ठे के लिए मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया था और हादसा हुआ। हालांकि, मिट्टी की खुदाई और नाव हादसे के बीच संबंध को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल है। राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के मामले और मारपीट की घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।


