
Palamu: पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया गांव में 24 वर्षीय महिला फूलवंती देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि पति के साथ विवाद होने के बाद महिला ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली।

पति पर मारपीट और गला दबाकर हत्या का आरोप
दूसरी ओर, गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र (लामारी गांव) निवासी मृतका के भाई लालजी रजवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने अपने बहनोई संतोष कुमार रजवार पर बहन के साथ अक्सर झगड़ा और मारपीट करने का आरोप लगाया है। भाई ने आशंका जताई है कि उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई है और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया। थाना प्रभारी तंजुलुल मनान ने बताया कि फिलहाल महिला की मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।


