
Giridih News: गिरिडीह जिले के पचंबा और जमुआ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती रानीखवा इलाके में मंगलवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता और उनकी पत्नी की जान चली गई। मृतकों की पहचान शास्त्री नगर निवासी 68 वर्षीय अधिवक्ता सहदेव नारायण चौधरी और उनकी 60 वर्षीय पत्नी माया देवी के रूप में हुई है। त्योहार की खुशियां मनाकर घर लौट रहे बुजुर्ग दंपती के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके और परिजनों में कोहराम मच गया है।

कार और बाइक की टक्कर में दोनों ने मौके पर तोड़ा दम


मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी विजयादशमी का पर्व मनाने अपने पैतृक गांव माणिकलालो गए हुए थे। त्योहार मनाने के बाद वे अपनी बाइक से वापस गिरिडीह शहर के शास्त्री नगर स्थित आवास लौट रहे थे। इसी दौरान रानीखवा के पास पचंबा से जमुआ की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार हुंडई कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार अधिवक्ता और उनकी पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फोन कॉल आते ही बदहवास दौड़ी बहू

परिजनों के मुताबिक, दंपती के साथ उनकी बहू प्रतिभा देवी भी गांव गई हुई थीं, लेकिन वे कुछ समय पहले ही शास्त्री नगर लौट आई थीं। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर एक अनजान कॉल आया, जिसने उन्हें सास-ससुर के साथ हुए इस भीषण हादसे की सूचना दी। यह सुनते ही बहू बदहवास हालत में रानीखवा पहुंची, जहां उन्होंने दोनों के शवों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाते देखा।
पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम, अस्पताल में जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे की खबर मिलते ही शास्त्री नगर मोहल्ले के स्थानीय लोग और साथी अधिवक्ता बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंच गए। त्योहार के माहौल के बीच एक ही परिवार के दो वरिष्ठ सदस्यों के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


