Sunil Kumar ONGC Chairman: देश की महारत्न सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) के नए चेयरमैन के रूप में गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के रहने वाले सुनील कुमार की नियुक्ति पर केंद्र सरकार ने आधिकारिक मुहर लगा दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय की सिफारिश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) ने उनके नाम को हरी झंडी दे दी। वर्तमान चेयरमैन का कार्यकाल 6 दिसंबर को पूरा हो रहा है, जिसके बाद 7 दिसंबर को सुनील कुमार औपचारिक रूप से देश की सबसे बड़ी तेल एवं गैस खोज कंपनी के सर्वोच्च पद का कार्यभार संभालेंगे।

70 साल के इतिहास में बना नया रिकॉर्ड


ओएनजीसी के करीब सात दशकों के इतिहास में यह पहला अभूतपूर्व मौका है जब किसी एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (ED) को सीधे कंपनी के शीर्ष पद यानी चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आमतौर पर बोर्ड स्तर के निदेशकों को ही यह पद मिलता रहा है, लेकिन सुनील कुमार के तीन दशकों के बेदाग और शानदार ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए सरकार ने उन पर यह बड़ा भरोसा जताया है।
डुमरी से आईआईटी धनबाद तक का सफर
साल 1968 में डुमरी के एक बेहद साधारण परिवार में जन्मे सुनील कुमार ने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव से ही पूरी की। 1984 में डुमरी से मैट्रिक पास करने के बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए हजारीबाग के प्रतिष्ठित संत कोलम्बस कॉलेज पहुंचे। इसके बाद उन्होंने देश के अग्रणी संस्थान आईआईटी आईएसएम धनबाद से 1991 में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा पूरी करते ही उनका चयन ओएनजीसी में हो गया, जहां उन्होंने असम से अपने लंबे और सफल करियर की शुरुआत की।
तीन दशकों का फील्ड अनुभव
अपने 30 साल से अधिक के सेवाकाल में सुनील कुमार ने देश के प्रमुख तेल और गैस बेसिनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने मुंबई ऑफशोर, नई दिल्ली मुख्यालय, हजीरा गैस प्रोसेसिंग कॉम्प्लेक्स और मेहसाणा जैसे अहम प्रोजेक्ट्स में तकनीकी और रणनीतिक योगदान दिया। फिलहाल चेयरमैन का पदभार ग्रहण करने से पहले वे गुजरात के मेहसाणा में एसेट मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
जिले में जश्न, डीसी और उद्योगपतियों ने दी बधाई
गिरिडीह के किसी व्यक्ति को देश के इतने बड़े कॉर्पोरेट और रणनीतिक पद की जिम्मेदारी मिलने पर पूरे जिले में खुशी की लहर है। गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने इसे जिले के लिए गौरवशाली पल बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं जिले के प्रमुख उद्योगपति डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, मोहन साहू, प्रदीप अग्रवाल, सतविंदर सिंह सलूजा, जयप्रकाश लाल और चार्टर्ड अकाउंटेंट विकास बगड़िया सहित व्यापार और सामाजिक जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।


