Giridih news: गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शास्त्री नगर में बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने सीसीएल कर्मी मनोज सिन्हा के सूने घर में सेंधमारी कर नकदी और जेवरात समेत करीब आठ लाख रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी घटना के बाद से पूरे इलाके में रहने वाले लोगों के बीच दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

ग्रिल में ईंट फंसाकर अंदर घुसे चोर


मिली जानकारी के अनुसार, मनोज सिन्हा अपने पूरे परिवार के साथ कुछ काम के सिलसिले में टीकोडीह गए हुए थे और घर पर ताला लटका था। सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने पहले मुख्य गेट की कुंडी और ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर दाखिल होने के लिए ग्रिल में ईंट लगाकर उसे फैलाया और कमरों के भीतर प्रवेश कर गए। शातिर चोरों ने घर के एक-एक कर चारों कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों व लॉकर को पूरी तरह से खंगाल डाला।
8 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब

घर में रखे सोने-चांदी के सभी कीमती आभूषण और नकद राशि को समेटकर चोर आसानी से फरार हो गए। जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य द्वार और कमरों के ताले टूटे देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं। परिजनों ने तुरंत इस घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आरोपियों के उंगलियों के निशान और अन्य सुराग जुटाए हैं। पुलिस आसपास के घरों और मुख्य सड़कों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर गिरोह तक पहुंचा जा सके।


