
Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आशियाना गार्डन में मंगलवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। फ्लैट की छत से गिरकर 77 वर्षीय बुजुर्ग रमेश प्रसाद श्रीवास्तव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वे सुबह छत पर टहल रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने या अन्य कारणों से नीचे गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोनारी पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर सोनारी थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुजुर्ग किन परिस्थितियों में छत से नीचे गिरे, इसका पता फिलहाल नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बेटा अमेरिका और बेटी बेंगलुरु में रहते हैं
जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश प्रसाद श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ आशियाना गार्डन स्थित फ्लैट में रहते थे। उनका बेटा अमेरिका में रहता है, जबकि बेटी बेंगलुरु में रहती है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और हादसे के बाद पूरे परिवार व अपार्टमेंट में शोक का माहौल है।


