
Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियारों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो युवक मो. अयान आलम और मो. सादिक आलम तथा एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक (नाबालिग) शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपी, DSP के नेतृत्व में बनी टीम
जानकारी के अनुसार, 19 अक्तूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।

कपाली के मो. आबिद से 97 हजार में खरीदे थे हथियार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये हथियार कपाली निवासी मो. आबिद से 97 हजार रुपये में खरीदे थे। बर्मामाइंस थाना में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब हथियारों के मुख्य सप्लायर की तलाश और खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।


