Ranchi: राजधानी रांची के सिरमटोली क्लब रोड स्थित होमराह टावर के BIBA फैशन लिमिटेड (BIBA Fashion Ltd) शोरूम में 31.20 लाख रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया है। इस बड़े वित्तीय घोटाले का आरोप कंपनी के ही क्लस्टर मैनेजर विकास कुमार झा, स्टोर मैनेजर पियूष, सेल्स स्टाफ प्रीतम कुमार और रूपाली समद पर लगा है। कंपनी के लीड सेल्स एचआर संजीव रंजन ने चुटिया थाने में चारों कर्मचारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि शोरूम का पूरा स्टॉक और कैश कलेक्शन इन्हीं चारों कर्मचारियों के प्रभार और नियंत्रण में था।

अपने फोन पर लेते थे पेमेंट, टालते रहे ऑडिट
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कई बार स्टोर का रूटीन ऑडिट कराने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी कर्मचारी लगातार बहाने बनाकर इसे टालते रहे। जांच में सामने आया कि क्लस्टर मैनेजर और स्टोर मैनेजर ग्राहकों से कंपनी के खाते के बजाय अपने निजी फोन नंबर और यूपीआई पर भुगतान लेते थे। बार-बार ऑडिट से बचने की कोशिशों के बाद कंपनी को दाल में कुछ काला नजर आया।

5 अक्टूबर के ऑडिट में खुला घपले का राज
बीते 5 अक्टूबर 2026 को जब कंपनी की विशेष ऑडिट टीम ने स्टोर का औचक और विस्तृत ऑडिट किया, तो बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी और स्टॉक की भारी कमी उजागर हुई। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि शोरूम से 29.58 लाख रुपये मूल्य के कपड़े (स्टॉक) पूरी तरह गायब हैं। इसके अलावा 46 हजार 469 रुपये की नकद बिक्री राशि और कार्ड स्वाइप के जरिए हुई 1.15 लाख रुपये की बिक्री राशि भी कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई गई थी। कुल मिलाकर 31 लाख 20 हजार रुपये से अधिक का गबन पकड़ा गया।
फोन बंद कर फरार हुए आरोपी, पुलिस जांच शुरू
ऑडिट में हेराफेरी सामने आने के बाद जब प्रबंधन ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की और जवाब मांगा, तो सभी आरोपी ड्यूटी छोड़कर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए हैं। कंपनी की ओर से भेजे गए ‘कारण बताओ नोटिस’ का भी उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। चुटिया थाना पुलिस ने कंपनी के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया है और फरार कर्मचारियों की तलाश के साथ मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


