रोहतास: रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। 7 सितंबर 2026 की रात गोली मारकर दो युवकों की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। रोहतास पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डेहरी-ऑन-सोन की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।

7 सितंबर की रात गोली मारकर हुई थी दो युवकों की हत्या
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात बेदा गांव में अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी थी। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई थी। फायरिंग के बाद गांव में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही सासाराम मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस मामले में सासाराम मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 261/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
डबल मर्डर की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी मिस्टर राज के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जांच और छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस ने बेदा हत्याकांड में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को उनके गांव बनरसिया से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- करण कुमार: पिता स्व. सुरेंद्र बिंद, उम्र करीब 24 वर्ष
- ऋषि कुमार: पिता सुरेंद्र बिंद, उम्र करीब 22 वर्ष
- अभिषेक कुमार: पिता विजेंद्र पासी
तीनों आरोपी सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, करण कुमार और ऋषि कुमार सगे भाई हैं।
तीन मोबाइल बरामद, हत्या की वजह की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों का इस्तेमाल मामले के अनुसंधान में किया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की स्पष्ट वजह का खुलासा नहीं किया है।
रोहतास एसपी मिस्टर राज के अनुसार, तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


