पूर्णिया: बिहार में जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने सदर थानाध्यक्ष पर अभद्र व्यवहार करने और वर्दी का रौब दिखाने का आरोप लगाया है। मामला 22 अक्टूबर की रात का बताया जा रहा है, जब पूर्व सांसद अपनी गाड़ी से पूर्णिया स्थित आवास लौट रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच एसडीपीओ-1 को सौंप दी है।

डिपर जलाकर साइड मांगने को लेकर हुआ विवाद
पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात वह अपनी गाड़ी से आवास लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्णिया सदर थानाध्यक्ष की गाड़ी से उनके चालक ने डिपर जलाकर साइड मांगी।

आरोप है कि इसके बाद सदर थानाध्यक्ष ने पूर्व सांसद और उनके चालक से अभद्र भाषा में बात की। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पूर्व सांसद का आरोप है कि थानाध्यक्ष ने माफी मांगने के बजाय कथित तौर पर रौब दिखाया।
पूर्व सांसद ने SSP से की लिखित शिकायत
संतोष कुशवाहा ने इस घटना को लेकर एसएसपी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व सांसद ने बताया कि वह एसएसपी की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने पर आगे शिकायत करने की बात भी कही है।
SDPO-1 को जांच की जिम्मेदारी
पूर्व सांसद की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच का जिम्मा एसडीपीओ-1 को सौंप दिया है। अब जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, इस मामले में सदर थानाध्यक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।
(गौरव गुप्ता की रिपोर्ट)


