इस पहल के साथ DSPMU टेली करियर काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने वाला झारखंड का पहला विश्वविद्यालय बन गया है।


फोन पर विशेषज्ञों से कर सकेंगे बातचीत
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर के अनुसार, इस सुविधा के तहत विद्यार्थी निर्धारित दूरभाष नंबर 0651-29130131 पर संपर्क कर सकेंगे। काउंसलिंग का आयोजन प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान विद्यार्थी विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों और विषय विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर अपनी शैक्षणिक समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा झारखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी।
12वीं के बाद करियर से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक मार्गदर्शन
टेली काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थी 12वीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल, NET और कंप्यूटर के क्षेत्र में करियर बनाने से जुड़े सवाल भी पूछ सकेंगे।
कला, विज्ञान और मानविकी विषयों में रोजगार की संभावनाओं के साथ-साथ प्रबंधन, बैंकिंग, रेलवे और सेना की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में भी विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा।
सरकारी नौकरी की तैयारी में भी मिलेगी मदद
विश्वविद्यालय की इस पहल के तहत पारंपरिक स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के अलावा व्यावसायिक शिक्षा तथा सरकारी नौकरियों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अपनी रणनीति और शैक्षणिक समस्याओं पर विशेषज्ञों से सलाह लेने का अवसर मिलेगा।
हर शनिवार उठा सकेंगे सुविधा का लाभ
DSPMU की टेली करियर काउंसलिंग का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना और विशेषज्ञों तक उनकी पहुंच आसान बनाना है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों से सीधे मार्गदर्शन लेने का अवसर मिलेगा।


