साढ़े तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे परिजन और अधिवक्ता जिला परिषद चौक पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन शाम करीब 5 बजे तक चला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

प्रदर्शन में अनुष्का की मां गिनी चक्रवर्ती, पिता सुनील चक्रवर्ती, भाई देवजीत चक्रवर्ती समेत अन्य परिजन शामिल हुए। हाईकोर्ट में अनुष्का के साथ प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

कमरे में फंदे से लटका मिला था शव
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी के गुप्ता कॉम्प्लेक्स में 28 वर्षीय अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद से ही परिजन उनकी मौत को लेकर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि, मौत की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
पिता बोले- बेटी को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहा हूं
धरने के दौरान अनुष्का के पिता सुनील चक्रवर्ती ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है और उन्होंने पति तथा ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
पुलिस के आश्वासन के बाद हटा जाम
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद अनुष्का के शव को अंतिम संस्कार के लिए बनारस ले जाया गया।
फिलहाल, इस मामले में परिजन निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


